AZAD VIP NEWS (आजमगढ़):एक हृदयविदारक घटना में महिला ने अपनी छह साल की बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी और तीन साल के बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बेटा रैनबो अस्पताल में गंभीर अवस्था में भर्ती है। पुलिस ने आरोपित महिला सरोज यादव को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात की वजह पारिवारिक कलह बताई जा रही है।
आजमगढ़ के एडिशनल एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह के मुताबिक, मेंहनगर के गौरा गांव के रहने वाले सुनील यादव पेशे से ड्राइवर हैं और परिवार के साथ लखनऊ में रहते हैं। वह छोटे भाई मनीष की शादी में शामिल होने के
लिए करीब 20 दिन पहले गांव आए थे। सोमवार शाम को सरोज ने किसी बात पर अपने दोनों बच्चों को पीटना शुरू कर दिया। सुनील ने उसे रोकने की कोशिश की तो उस समय तो वह शांत हो गई लेकिन देर रात उसने बेटी शानवी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद बेटे कार्तिक को भी गला दबाकर मारने की कोशिश की।
बेटे को मरणासन्न करने के बाद उसने पंखे की कुंडी से रस्सी का फंदा बनाकर लटकने की कोशिश की। इस बीच चीख पुकार सुनकर घर के लोग जुट गए और उसे नीचे उतारा। महिला के ससुर जियालाल यादव ने मेहनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर एफआइआर दर्ज कर आरोपित सरोज को गिरफ्तार कर लिया गया।
रिपोर्ट: प्रधान प्रमुख संपादक आजाद यादव जौनपुर उत्तर प्रदेश