मछलीशहर (जौनपुर): जिला कारागार में निरुद्ध नगर पंचायत चेयरमैन संजय जायसवाल की फैक्ट्री पर रविवार की सुबह बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। कोई हताहत तो नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत फैल गई। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस केस दर्ज कर छानबीन में जुटी है।
धोखाधड़ी व जालसाजी के मामले में जेल में बंद संजय जायसवाल की नगर में सुजानगंज चौराहा पर ई-रिक्शा बनाने की फैक्ट्री है। उनके पुत्र अभय कुमार जायसवाल उर्फ सूरज फैक्ट्री के भीतर थे। करीब 5.30 बजे बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो नकाबपोश बदमाश फैक्ट्री के बंद लोहे के गेट पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने लगे। कई राउंड फायरिंग करने के बाद बदमाश भाग गए। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गेट पर तीन गोलियों धंसने के निशान हैं। पूरी घटना फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फैक्ट्री पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने मय फोर्स पहुंचकर मौका मुआयना किया। मौके पर मिले खोखे कब्जे में ले लिए। अभय कुमार उर्फ सूरज जायसवाल ने कोतवाली में तहरीर दी। आरोप लगाया कि बदमाश उनकी हत्या करने के इरादे से आए
थे। फैक्ट्री का गेट बंद होने के कारण भीतर न घुस पाने पर बाहर से ही फायरिंग कर भाग गए। थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने बताया तहरीर के आधार पर दो आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।
AZAD VIP NEWS